देश में महंगाई की जो परिस्थितियां है, वह सबके लिए चिन्ता का विषय

आज कांग्रेस पार्टी के छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव ने सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाऊस में कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में एक प्रेस वार्ता ली। कांग्रेस पार्टी की ओर से श्री सिंहदेव को छत्तीसगढ़ का भारत जोड़ो यात्रा का प्रभारी बनाया गया है। श्री सिंहदेव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरु होकर डेढ़ सौ दिन की पदयात्रा में छत्तीसगढ़ से सौ कांग्रेस कार्यकर्ता पांच दिनों तक राहुल गांधी के साथ शामिल होंगे।
श्री सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस की पदयात्रा प्रत्येक मतदान केंद्र, प्रत्येक घर तक पहुंचेगी। इसके लिए जिला, ब्लाक, मण्डल, जोन और सेक्टर प्रभारी बनाकर उन्हें जिम्मेदारी दे दी गई है। यात्रा दो पालियों में सुबह 7 से 10.30 और अपरान्ह 3 से 6.30 तक होगी। 75 दिनों में प्रदेश के सभी पोलिंग बूथो तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
आगे उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुरक्षा कारणों से सिर्फ 3 सौ लोग चलेंगे। जिनमें से स्थायी साथी रहेंगे , 100 उस राज्य से होंगे जहां से पदयात्रा गुजरेगी। जबकि 100 लोग उन राज्यों से होंगे जो यात्रा के मार्ग से छूट गए है। छत्तीसगढ़ के कांगे्रसी संभवत: मध्यप्रदेश में यात्रा में शामिल होंगे। वे अपने साथ यहां कि प्रमुख नदियों का जल, मिट्टी और पौधे लेकर चलेंगे जिसे यात्रा के मार्ग में रोपित किया जाएगा।
आगे उन्होंने कहा कि यात्रा का मकसद केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई की विभीषिका को लोगों तक पहुंचाना और पोलिंग बूथ तक कांगे्रस को मजबूत करना है।
श्री सिंहदेव ने कहा कि घोषणा पत्रों में हमारी सरकार ने जो-जो वादे किए थे, अभी तक पूर्णत: वह वादे पूरे नहीं हो पांए है, इस पर काम जारी है। शराबबंदी के वादे पर उन्होंने कहा कि शराबबंदी पर अभी सरकार आपस में विचार-विमर्श कर रही है जिसका जल्द ही कुछ अच्छा परिणाम देखने को मिलेगा। देश में महंगाई की जो परिस्थितियां है वह सबके लिए चिन्ता का विषय है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव, पूर्व विधायक बद्दरुदीन कुरैशी, अरूण सिंह सिसोदिया व अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।