सूर्य घर योजना से जशपुर के गांवों में रोशनी ही नहीं, बचत और आत्मनिर्भरता भी बढ़ी

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जशपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रख रही है। इस योजना के तहत गांवों में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे लोगों को बिजली बिल से राहत मिलने लगी है और उनका जीवन पहले से अधिक सहज बन रहा है।
बगीचा विकासखंड के ग्राम चम्पा निवासी कोइरा राम इस बदलाव की प्रेरक मिसाल बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपने घर में 2 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया है। पहले हर महीने आने वाला भारी बिजली बिल उनके घरेलू बजट पर असर डालता था, लेकिन अब सोलर पैनल लगने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह खत्म हो गया है। इससे परिवार को आर्थिक राहत मिली है और बिजली उपयोग को लेकर चिंता भी समाप्त हो गई है।
कोइरा राम ने बताया कि सोलर पैनल लगाने में करीब 1.20 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें उन्हें शासन की ओर से 90 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। बाकी राशि जुटाना भी आसान रहा, क्योंकि योजना के तहत समय पर मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग मिला।
इस पहल से उनकी मासिक बचत बढ़ी है, साथ ही वे स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग के जरिए पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उनका मानना है कि यह योजना ग्रामीण परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है, क्योंकि इससे बिजली खर्च कम होने के साथ आत्मनिर्भरता का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।




