छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कवर्धा में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा—उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहलें बनीं बदलाव की ताकत

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा द्वारा महिला शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर किए गए सतत प्रयासों से जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर से जुड़ी पहलें, साथ ही महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक मजबूती दी है।

महतारी वंदन योजना आज कवर्धा में महिलाओं के आर्थिक संबल की पहचान बन चुकी है। विधानसभा क्षेत्र की 1 लाख 30 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। प्रति माह 1000 रुपये मान से अब तक 251 करोड़ 63 लाख 96 हजार रुपये सीधे खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। 21 किश्तें पहले ही वितरित हो चुकी थीं और हाल ही में 22वीं किश्त भी जारी कर दी गई है। कई महिलाएं इस राशि को बच्चों की पढ़ाई में लगा रही हैं, जबकि कई परिवारों के दैनिक खर्च में इसका उपयोग कर रही हैं।

409 कन्याओं का सामूहिक विवाह

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कवर्धा विधानसभा की 409 कन्याओं का सामूहिक विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं बाराती बनकर पहुंचे और नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया।

गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी शिविर

दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी जांच सुविधा शुरू की गई। इस पहल से अब तक 1000 से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। समय पर जांच होने से गर्भस्थ शिशु और माँ, दोनों की सेहत की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव हो पाई है।

स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन वितरण

महिला स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कवर्धा की 100 से अधिक महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जिससे वे स्वयं का रोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।

लखपति दीदी योजना—आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत यहां 6,158 स्व-सहायता समूह बनाए गए हैं। आजीविका गतिविधियों से जुड़कर कवर्धा की 13,924 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं।

महतारी सदन—महिला सशक्तिकरण का नया केंद्र

कबीरधाम जिले को महतारी सदन योजना के अंतर्गत 19 महतारी सदनों की सौगात मिली है। इनमें से 5 भवनों का वर्चुअल लोकार्पण हो चुका है, जबकि शेष 14 भवनों का निर्माण 3 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से जारी है। यह पहल महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button