भिलाई में श्रमिक सम्मेलन: 9,556 मजदूरों को डीबीटी से 10.42 करोड़ की सहायता राशि

रायपुर। महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के तहत 9,556 श्रमिकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 10 करोड़ 42 लाख 7 हजार 343 रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए। इनमें मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना और मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
सभा को संबोधित करते हुए गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। मजदूर अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सन्निर्माण कर्मकार मंडल का गठन किया गया और श्रमिकों का पंजीयन कर श्रम कार्ड बनाए गए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों को खाद्य सुरक्षा, उपकरण सहायता, छात्रवृत्ति और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अब इन योजनाओं की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से श्रमिकों के खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता और त्वरित लाभ सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे श्रम विभाग में पंजीयन कराकर इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष ने भी योजनाओं की जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर जितेन्द्र साहू, भोजराम सिन्हा, तुलसी साहू, ललेश्वरी साहू, मनीष कोठारी, गुलराम साहू, स्वीटी कौशिक, कीर्ति नायक, विकास सरोडे, बसंत वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।




