देश

देहरादून/भोपाल/मुंबई : हादसों का दिन: उत्तराखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सडक़ दुर्घटनाएं, 21 की मौत

देहरादून/भोपाल/मुंबई  :  देश के तीन राज्यों में बुधवार को दिन की शुरुआत हादसों से हुई। उत्तराखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश हुए सडक़ हादसों में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं। इन हादसों में घायल लोगों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है और मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। उत्तराखंड के चंपावत जिले के स्वांला में एक कार के खाई में गिर जाने से 8 लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन के लोग पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस घटना के मैजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग में चंपावत से 22 किलोमीटर दूर स्वांला के पास मैक्स जीप खाई में गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। बताया गया कि मैक्स जीप टनकपुर से पिथौरागढ़ जा रही थी। जीप में ज्यादातर लोग पिथौरागढ़ के रहने वाले थे। उधर, मध्य प्रदेश के अकलू गांव में खंडवा-बरोडा स्टेट हाइवे पर भी सुबह एक भीषण सडक़ हादसा हुआ। यहां एक ट्रक के पलट जाने से 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 8 अन्य घायल हो गए हैं। दुर्घटना में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच महाराष्ट्र के पालघर में माहिम रोड पर सुबह एक कार के पेड़ से टकरा जाने से 5 लोगों की मौत हो गई। कार सवार लोग पालघर की ओर जा रहे थे। मृतकों में से तीन की पहचान हो गई है। ये हैं हितेश तामोरे, किरण पागडरे और विजय ओरकार। बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। दुर्घटना में शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गए हैं जिससे उन्हें पहचानने में मुश्किल आ रही है। सभी शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button