नई दिल्ली ; त्रिपुरा चुनाव : भाजपा ने जारी की 44 उम्मीदवारों की सूची
नई दिल्ली ; भाजपा ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 44 उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को जारी की। पार्टी राज्य में वाम मोर्चा से सत्ता छीनने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरेगी। मोर्चा पिछले 25 साल से राज्य में सत्तासीन है। सूची जारी करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता जे पी नड्डा ने कहा कि पार्टी प्रमुख अमित शाह के नेतृत्व वाली केंद्रीय चुनाव समिति ने 44 उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया। पार्टी 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और नौ सीटें अपने गठबंधन सहयोगी के लिए छोड़ देगी। राज्य में पार्टी अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान करने से बच रही है। सूची में भाजपा राज्य इकाई महासचिव प्रतिमा भौमिक का भी नाम है, जो मुख्यमंत्री माणिक सरकार के चुनाव क्षेत्र धनपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगी। पार्टी ने अपनी राज्य इकाई के अध्यक्ष बिप्लव कुमार देव को बनमालीपुर से टिकट देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, हमने उम्मीदवारों का चयन करते समय समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। दस सीटें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित होने के चलते हम अनुसूचित जाति के 11 उम्मीदवार उतार रहे हैं। अनुसूचित जाति के एक उम्मीदवार को सामान्य सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा रहा है।