कोरबा ;वन मंडल कोरबा में हाथियों का उत्पात थमने के बाद अब शेर का आतंक शुरू हो गया है। बलसेंघा में शेर ने दो मवेशियों का शिकार किया है। इसके पहले खर्राखेत में भैंस का शिकार किया था। अभी भी शेर श्यांग व लेमरू के बीच जंगल में घूम रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा है।
वन परिक्षेत्र कुदमुरा के बलसेंघा निवासी रामलाल व करम सिंह राठिया के मवेशी जंगल में चरने गए थे, जिसे शेर ने शिकार बनाया। रविवार को लोगों ने दोनों का शव बरामद किया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी। एसडीओ नटवर अग्रवाल ने बताया कि पंचनामा के बाद प्रकरण तैयार किया गया है। प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि दी जाएगी। शेर एक पखवाड़े से श्यांग, पसरखेत, लेमरू जंगल में घूम रहा है। लोगों को जंगल के भीतर नहीं जाने कहा गया है। साथ ही मवेशियों को जंगल के अंदर नहीं जाने की हिदायत दी गई है। शेर कभी भी हमला कर सकता है। बलसेंघा श्यांग के अंतिम छोर पर बसा गांव है। अभी वनमंडल में हाथी नहीं हैं। वन विभाग ने शेर का पदचिन्ह लेकर जांच के लिए रायपुर भेजा है। डीएफ ओ एस वेंकटाचलम पहले ही शेर के घूमने की पुष्टि कर चुके हैं।
Please comment