Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

छत्तीसगढ़ में JN.1 वैरिएंट से पहली मौत, प्रशासन अलर्ट मोड में

First death due to JN.1 variant in Chhattisgarh, administration in alert mode

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 से पहली मौत दर्ज की गई है। मृतक राजनांदगांव जिले का निवासी था और पहले से ही मेडिकल समस्याओं से जूझ रहा था। रूटीन डायलिसिस के लिए वह रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती था, जहां कोविड के लक्षण दिखने पर जांच की गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

तेजी से बढ़ रहा संक्रमण, पिछले 5 दिन में 42 नए केस

प्रदेश में अब तक 118 कोविड केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 42 केस सिर्फ पिछले पांच दिनों में मिले हैं। सोमवार को 10 नए मरीज मिले, जिनमें रायपुर और बिलासपुर से 3-3, दुर्ग से 2, जबकि सरगुजा और महासमुंद से 1-1 मरीज हैं।

24 मई से अब तक: रोजाना औसतन 5 नए केस

छत्तीसगढ़ में 24 मई को पहला JN.1 संक्रमित मरीज मिला था। इसके बाद सिर्फ 23 दिनों में केसों की संख्या 100 के पार पहुंच गई। यह दर बताती है कि प्रदेश में औसतन रोज़ाना 5 मरीज सामने आ रहे हैं।

फिलहाल 51 एक्टिव केस, 9 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर
वर्तमान में प्रदेश में 51 एक्टिव केस हैं, जबकि 66 लोग रिकवर हो चुके हैं। इनमें से 41 लोग होम आइसोलेशन में हैं, 9 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 1 मरीज की हालत गंभीर होने से उसे ICU में रखा गया है।

रिकवरी रेट बेहतर, लेकिन ग्रोथ रेट भी चिंताजनक
डेली ग्रोथ रेट: 23.1%

रिकवरी रेट: 56.41%

अगर ये रुझान जारी रहे, तो अगले 10 दिनों में प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 167 तक पहुंच सकती है। अच्छी बात यह है कि अनुमान के अनुसार इनमें से 96 लोग रिकवर हो चुके होंगे।

प्रशासन हाई अलर्ट पर, स्वास्थ्यकर्मियों की ट्रेनिंग शुरू

पहली मौत के बाद प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट मोड में आ गया है। सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल स्टाफ की विशेष ट्रेनिंग शुरू कर दी गई है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके।