महासमुंद : उत्तर ओडिशा सहित आसपास के क्षेत्र में बनी चक्रवाती द्रोणिका के चलते आज सुबह से ही मौसम में जबरदस्त बदलाव आया है। बदली के साथ ही बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है वहीं तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 12 घंटों तक मौसम के यूं ही बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर ओडिशा क्षेत्र में कल से एक द्रोणिका बनी हुई है जिसके कारण आज पूरे प्रदेश भर में मौसम में बदलाव आया है। कई जगहों पर बारिश होने की भी खबर मिल रही है। हालांकि सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होता जा रहा है। लेकिन आज दिन भर मौसम का असर देखने को मिलेगा। विभाग ने बताया कि कल से फिर मौसम खुल जाएगा और सिस्टम का असर बस्तर क्षेत्र में पड़ेगा जिसकी वजह से यहां पर भी बारिश होने की संभावना है। मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट आई है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी की दस्तक की वजह से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है। इधर, मौसम विभाग ने 21-22 मार्च को फिर से मौसम के बदलने का संकेत दिया है जिसकी वजह जम्मू कश्मीर के क्षेत्र में बन रहे सिस्टम को बताया है जिससे बदली के साथ बारिश होने की संभावना भी विभाग ने बताई है।
सब्जी-भाजी और रबी फसल पर पड़ेगा असरमौसम में बदलाव से हुई बारिश का असर सब्जी-भाजी की फसलों के साथ ही रबी फसल पर भी पड़ेगा। फसल लगाने वाले किसान मौसम के बदलाव को लेकर काफी चिंतित हैं। हालांकि जानकारों की मानें तो इतनी बारिश से फसल को अधिक नुकसान नहीं होगा। सब्जी-भाजी की खेती करने वाले किसानों के अनुसार टमाटर और हरी साग-सब्जी पर मौसम का जरूर असर पड़ेगा जिनमें कीड़े लगने की भी संभावना है।
जन स्वास्थ्य पर भी असर डालेगा मौसम
ठंड के बाद से ही गर्मी के दस्तक के साथ लोग मौसमी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इन दिनों बुखार, सर्दी-खांसी जैसे वायरल फीवर के मरीज जिला अस्पताल और निजी स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम बदलने के बाद ऐसे मरीजों की संख्या अब और अधिक बढ़ जाएगी। चिकित्सकों के मुताबिक मौसम के हिसाब से लोग खानपान और रहन-सहन पर विशेष ध्यान दें जिससे उनके स्वास्थ्य पर मौसम का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
Please comment