राजनांदगांव: मैसूर नगर निगम टीम ने किया राजनांदगांव का दौरा
राजनांदगांव : कर्नाटक राज्य के मैसूर नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने राजनांदगांव जिले के प्रवास के दौरान शुक्रवार को शहरी आजीविका मिशन के कार्यों को देखा और उसकी सराहना की। मैसूर नगर निगम के अधिकारियों ने राजनांदगांव में मणिकंचन केन्द्र हॉस्पिटल कैम्प में चल रहे कचरा प्रबंधन के कार्यों का अवलोकन किया। अधिकारियेां ने एनयूएलएम की महिलाओं से उनकी कार्य प्रणाली के बारे में जायजा लिया तथा उनके कार्य की सराहना भी की। इसके पश्चात् वे मोतीपुर के क्षेत्रस्तरीय संगठन की महिलाओं से रूबरू हुए और उनसे स्व-सहायता समूह के निर्माण से क्षेत्रस्तरीय संगठन तक की कार्य शैली की जानकारी लेकर क्षेत्रस्तरीय संगठन की महिलाओं के आत्मविश्वास की प्रशंसा की। मैसूर नगर निगम के अधिकारियों की टीम द्वारा लखोली स्थित अन्नपूर्णा मॉँ सेवा केन्द्र का भी अवलोकन किया। वहां समूह की महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे अन्नपूर्णा मॉँ सेवा केन्द्र की कार्यप्रणाली एवं गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं द्वारा नान वेवन बैग निर्माण का कार्यों का जायजा लिया। मैसून नगर निगम की टीम के साथ मिशन मैनेजर सुषमा मिश्रा, रामकुमार कश्यप, सामुदायिक संगठन के एसके झा एवं अर्पणा क्षत्रिय भी उपस्थित थे।