Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

योग, शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सर्वाेत्तम उपाय है – मंत्री लखन लाल देवांगन

Yoga is the best way to keep body and mind healthy - Minister Lakhan Lal Devangan

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में कोरबा नगरीय क्षेत्र के लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेन्शन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंत्री श्री देवांगन ने विभिन्न मुद्राओं का योगाभ्यास कर योग से होने वाले लाभ की जानकारी दी एवं सभी से योग को अपने दैनिक जीवन मे अपनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन कुमार सिंह, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कोरबा श्री मयंक अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्वास्थ कर्मी, स्वच्छता दीदी एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर स्वस्थ रहने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शरीर व मन को स्वस्थ रखने के लिए योग ही सर्वाेत्तम उपाय है। उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है। उनके आह्वान पर भारत सहित अनेक देशों ने योग को अपनाकर इसे अपनी जीवनशैली में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि योग हमारे प्राचीन परंपरा और संस्कृति का अटूट हिस्सा रहा है। पुराने समय में ऋषि मुनि नियमित योग साधना से अनेक बिमारियों से दूर रहते थे।

इस हेतु हमें योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की 2047 विकसित भारत की अवधारणा ही है कि देश का हर क्षेत्र में विकास हो, हर व्यक्ति का जीवन सुविधा संपन्न हो, विकसित भारत की अवधारणा को साकार करने के लिए हर नागरिक को स्वस्थ होना होगा, तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का अनुशरण करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी योग को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आज राज्य के सभी 33 जिलों में विभिन्न स्तरों पर योगाभ्यास किया जा रहा है साथ ही अनेक शासकीय, निजी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों में भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। मंत्री श्री देवांगन ने आमजनों से अपने व्यस्त जीवनशैली के बीच अपने शरीर के लिए समय निकालने एवं उत्तम स्वास्थ्य के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग बहुत जरूरी है।

कार्यक्रम में योग शिक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व को बताते हुए योग को नियमित रूप से अपने जीवन मे शामिल करने प्रेरित किया। उन्होंने मंत्री श्री देवांगन सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों एवं नगरवासियों को ताड़ासन,पवन मुक्तासन, हलासन, शवासन, कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम आदि का अभ्यास करवाया।