कवर्धा। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर देशभर में एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स कवर्धा पहुंचे। यहां उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में बाइक राइडर्स का सम्मान किया और हरी झंडी दिखाकर रैली को मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।
सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की थी। उनका योगदान आज भी देश की एकता और अखंडता के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली महज यात्रा नहीं, बल्कि देश को एकता के सूत्र में जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण अभियान है। युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जवानों के बलिदान को किया नमन
विजय शर्मा ने बस्तर में नक्सलवाद के कारण बनी कठिन परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
उन्होंने देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए स्थायी शांति के साथ शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर निकली यह देशव्यापी बाइक रैली 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में एकता और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएगी। अभियान को उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार जोन में बांटा गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान शामिल हैं।
मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से शुरू हुई रैली महासमुंद और रायपुर होते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा तथा बेमेतरा के रास्ते कबीरधाम पहुंची।
बाइक राइडर्स का सम्मान, मध्यप्रदेश के लिए किया रवाना
समारोह में विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और उनके साथियों के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस दल के लीडर रविन्द्र गिरी एवं अन्य राइडर्स को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ शामिल हुई। जिला पुलिस के जवानों ने धवईपानी तक रैली के साथ यात्रा कर नशामुक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
यह रैली मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी और 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में संपन्न होगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर तूलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़ें —:






