Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

गांवों के विकास के लिए डिप्टी CM विजय शर्मा का बड़ा ऐलान, 48.30 लाख के विकास कार्यों की दी सौगात

Deputy CM Vijay Sharma makes a major announcement for the development of villages, gifting development projects worth ₹48.30 lakh.

नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माता दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

विजय शर्मा ग्राम भलपहरी और अचानकपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला में निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को अब गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके माध्यम से महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि निकालने के साथ ही बैंक में पैसे जमा करने की सुविधा भी मिलेगी। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

48 लाख 30 हजार के विकास कार्यों की घोषणा

ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने भलपहरी और अचानकपुर में कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड के लिए 4 लाख रुपये और अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।

वहीं ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रुपये, पंचराम के घर तक सीसी रोड के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये, मैदान समतलीकरण के लिए 2 लाख रुपये और गोठान समतलीकरण के लिए 2 लाख रुपये की घोषणा की गई।

बैगा आदिवासियों के आवास में गड़बड़ी पर कार्रवाई

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। खासकर बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क, बिजली और आवास जैसी जरूरी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए और सरकारी राशि का सही इस्तेमाल सुनिश्चित होना जरूरी है।

विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बस्तियों तक सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

भोरमदेव शक्कर कारखाने ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने किसानों की उपलब्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किसानों की मेहनत के दम पर भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूरे देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी वाला कारखाना बनने का गौरव हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

ये खबर भी पढ़ें —: