सरिता क्वार्टर फाइनल में, शशि और सोनिया में हो सकती है खिताबी भिड़ंत
पूर्व विश्व और एशियाई चैंपियन एल सरिता देवी (60 किग्रा) और एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता सोनिया लाठर ने आज यहां दूसरी इलीट महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्यिनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पिछले साल एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली सरिता ने तमिलनाडु की मुथुलक्ष्मी को हराया। यह मुकाबला पहले दौर में ही रोकना पड़ा। सरिता अखिल भारतीय पुलिस की तरफ से प्रतियोगिता में भाग ले रही है। रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड की सोनिया ने फीदरवेट वर्ग में पंजाब की प्रीति को हराया। सोनिया ने अपने जबरदस्त मुक्कों के दम पर 5-0 से जीत दर्ज की। फाइनल में उनका सामना हाल ही में विश्व युवा चैम्पियन बनी हरियाणा की शशि चोपड़ा से हो सकता है, जिन्होंने महाराष्ट्र की सलोनी शाह को 4-1 से हराया। लाइट फ्लाइटवेट वर्ग (45 – 48 किग्रा) में हरियाणा की मोनिका ने हिमाचल प्रदेश की पल्लवी को पहले ही दौर में हरा दिया। इसी तरह मिजोरम की रेबेका लालीनमावी ने पूजा रामपाल को 5-0 से हराया। एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड की अर्चना थापा पुलिस की फेंसी देवी को 4-1 से पराजित किया। मणिपुर की के- बीना देवी ने तमिलनाडु की कालाएवानी को 5-0 से, महाराष्ट्र की आरोपी बैराजदार ने अरुणाचल की मुनी ल्या को 3-2 से हराया जबकि उत्तर प्रदेश की वर्षा चौधरी ने आंध्र प्रदेश की जी– ज्योति को 3-2 से हराया। दिल्ली की खुशबू टोकस ने चंडीगढ़ की रितु को 4-1 से हराया जबकि आरएसपीबी की राजेश नरवाल ने मप्र की दीपिका वर्मा को 5-0 से मात दी। बैंथमवेट वर्ग (51 -54 किग्रा) में की बात की जाए तो शिक्षा (आरएसपीबी) ने राजस्थान की ज्योति को 5-0 से हराया जबकि हरियाणा की मनीषा ने उप्र की सोनिया को 5-0 से मात दी। इसी तरह पश्चिम बंगाल की रिचा शर्मा ने केरल की निसी थाम्पी को 3-1 से मात दी। मप्र की पूर्णिमा ने सिक्किम की सबीता लिम्बू को 5-0 से हराया।