जगदलपुर : मुठभेड़ में 16 लाख का इनामी हार्डकोर समेत 3 नक्सली ढेर

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती प्रांत महाराष्ट्र के सिरोंचा तहसील में नक्सलियों से हुयी मुठभेड़ में पुलिस ने 2 महिला समेत 3 वर्दीधारी हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया। मारा गया एक दुर्दांत नक्सली सुनील कुलमेथे 16 लाख का ईनामी है। मृत तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
गढ़चिरोली एएसपी महेश्वर रेड्डी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिरोंचा तहसील के रोमपल्ली व सिरकोंटा क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त टीम नक्सल ऑपरेशन पर रवाना की गयी थी। इसी दौरान रोमपल्ली के जंगल में माओवादियों ने फोर्स पर हमला कर दिया। जवानों ने भी नक्सलियों की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया। मुठभेड़ में पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग खड़े हुए। सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से 3 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एनकाउंटर में हार्डकोर माओवादी व डिवीजनल कमेटी मेंबर सुनील कुलमेथे भी मारा गया है, उस पर 16 लाख का इनाम घोषित था।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में माओवादी सुनील की पत्नी स्वरूपा की भी मौत हुई है, वहीं एक अन्य महिला नक्सली की शिनाख्त की जा रही है। मारे गए नक्सलियों के पास से 2 बंदूक के अलावा अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।