संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के लिए सूरजपुर के 410 खिलाड़ी रवाना, 12 खेलों में दिखाएंगे दम

रायपुर। सूरजपुर जिले के खिलाड़ियों का हौसला अब संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में नजर आएगा। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों को आज उत्साह के साथ रवाना किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने खिलाड़ियों से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
सरगुजा में 21 से 23 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली इस संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय मुकाबलों में विजेता रहे खिलाड़ी अब संभाग स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस बार सूरजपुर जिले से कुल 410 खिलाड़ी 12 अलग-अलग खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




