रायपुर : मुख्यमंत्री ने पूर्व राज्यपाल उर्मिला सिंह के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया

रायपुर : छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने हिमाचल प्रदेश की पूर्व राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह की निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने आज यहां जारी शोक संदेश में कहा है कि श्रीमती उर्मिला सिंह का छत्तीसगढ़ की जनता के साथ वर्षों पुराना आत्मीय और पारिवारिक संबंध था। उनके निधन का समाचार मिलने पर हम सब स्तब्ध रह गए हैं। स्वर्गीय श्रीमती सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा में घनसौर से विधायक के रूप में और तत्कालीन मध्यप्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों की मंत्री के रूप में भी जनता को वर्षों तक अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दी।
श्रीमती उर्मिला सिंह की निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया
डॉ. रमन सिंह ने स्वर्गीय श्रीमती उर्मिला सिंह के शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। ज्ञातव्य है कि श्रीमती उर्मिला सिंह का बीती रात इंदौर (मध्यप्रदेश) के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनका जन्म छत्तीसगढ़ के फिंगेश्वर (वर्तमान- जिला गरियाबंद) में वर्ष 6 अगस्त 1946 में हुआ था और विवाह सरायपाली (वर्तमान जिला महासमुंद) के पूर्व विधायक स्वर्गीय वीरेन्द्र बहादुर सिंह के साथ हुआ था।
बीती रात इंदौर (मध्यप्रदेश) के एक अस्पताल में निधन हो गया
श्रीमती उर्मिला सिंह ने मध्यप्रदेश सरकार में समाज कल्याण और आदिम जाति विकास विभाग तथा वित्त और डेयरी विकास विभागों की मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दी। उन्होंने इसके अलावा वर्ष 2010 से 2013 तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी अपने दायित्वों का निर्वहन किया।