CM Sai reached Madku Dweep, offered prayers at the Ramashray-Ganesh temple, and sought blessings after performing Kanya Pujan.

मदकूद्वीप पहुंचे CM साय, रामाश्रय-गणेश मंदिर में की पूजा-अर्चना; कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद

मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे। यहां उन्होंने प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धापूर्वक कन्याओं का पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कन्या भोज में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। मदकूद्वीप भी प्रदेश की ऐसी महत्वपूर्ण धरोहरों में शामिल है, जहां इतिहास, आस्था और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली तथा मदकूद्वीप के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व को करीब से जाना।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण बेहद जरूरी है। ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली अमूल्य विरासत हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और पुन्नू लाल मोहले, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply