छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

हरेली की रौनक में रंगा उप मुख्यमंत्री का निवास, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखी जीवंत झलक

रायपुर। नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री अरुण साव के सरकारी निवास में गुरुवार सुबह से ही हरेली पर्व की धूम रही। घर-आंगन में छत्तीसगढ़ी परंपराओं की मिठास घुली दिखी। हल और कृषि औजारों की पूजा विधिवत की गई, गौमाता को आटे की लोंदी और गुड़ खिलाया गया। अरुण साव ने खुद गेड़ी चढ़कर इस पारंपरिक त्योहार का भरपूर आनंद उठाया।

इस खास मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक रोहित साहू और मोतीलाल साहू भी हरेली मनाने पहुंचे।

चारों ओर छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति और जीवनशैली की खूबसूरत झलक दिख रही थी। आने वाले मेहमानों का स्वागत पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से किया गया — चौसेला, गुलगुल भजिया, बरा, टमाटर की चटनी और गरमा-गरम भजिया ने सबका दिल जीत लिया।

हरेली के मौके पर उप मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर शीशम का पौधा भी लगाया। उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ का पहला लोक पर्व है, जो किसानों और खेती से जुड़ा है। बच्चों के लिए गेड़ी की परंपरा आज भी इस त्योहार को खास बनाती है। साव ने बताया कि इस पर्व से उनके बचपन की कई मीठी यादें जुड़ी हैं।

इस आयोजन में रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर, खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष छगन मूंदड़ा, बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष यशवंत जैन, पवन साय और अनुराग अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button