A grand tricolor rally was taken out in Surajpur under the Har Ghar Tiranga Abhiyan

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूरजपुर में निकाली गई भव्य तिरंगा रैली

रायपुर। आजादी का अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सूरजपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एक भव्य पैदल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कलेक्ट्रेट परिसर से रंगमंच तक आयोजित इस रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर देशभक्ति का संदेश दिया।

रैली के दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने हाथ में तिरंगा थामे जोश से भाग लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश को आजादी अनगिनत बलिदानों के बाद मिली है, और यह हम सभी नागरिकों का दायित्व है कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा करें। उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा केवल उत्सव का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी प्रेरणा और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है।

इस अवसर पर वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, विधायक भुलन सिंह मरावी, कलेक्टर एस. जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

रैली के दौरान शहर के मुख्य मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंज उठे। स्कूली बच्चों, महिला समूहों और युवा स्वयंसेवकों ने तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन रंगमंच में राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां सभी ने तिरंगे के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान को दोहराया।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply