बस्तर ओलंपिक-2025 का जोरदार आगाज, खिलाड़ियों में उत्साह की लहर

बस्तर में खेलों का महोत्सव शुरू हो गया है। उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने कांकेर के गोविंदपुर खेल मैदान में बस्तर ओलंपिक-2025 के विकासखण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खेल ध्वज फहराया और खिलाड़ियों के साथ मिलकर उनकी उत्साहवर्धन की।
उप मुख्यमंत्री ने तीरंदाजी, वॉलीबॉल और रिले रेस में सांकेतिक रूप से भाग लिया और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा गोविंदपुर खेल मैदान में शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा भी की गई।
इस मौके पर विधायक आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा और हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत भी मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य क्षेत्र के युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। पिछले साल 1.65 लाख खिलाड़ियों ने इसमें पंजीकरण कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या 3.91 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने खेल सुविधाओं के विकास के लिए अब तक लगभग 8 करोड़ रुपये की स्वीकृतियों का भी जिक्र किया।
विधायक आशाराम नेताम ने बताया कि कांकेर में खेल प्रतियोगिताओं का माहौल पूरे जिले में बन रहा है। कार्यक्रम में कांकेर नगर पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, जिला पंचायत के अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक और कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




