गरियाबंद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी तेज, 17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने गरियाबंद के विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों, जिला संगठन पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के अभियान को शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से व्यापक और प्रभावी बनाया जाए।
मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण की यात्रा देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियों से जुड़ी है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान की सभी गतिविधियां तय कैलेंडर के अनुसार हों और जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड, नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत तथा गांव स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
मंत्री ने 17 सितंबर को होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को भव्य बनाने के निर्देश दिए। शाम 7 बजे देशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। गरियाबंद में भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर और राजिम त्रिवेणी संगम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कराया जाएगा। मंदिरों, शासकीय संस्थानों और घरों में भी दीप जलाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
बच्चों की कल्पना में दिखेगा विकसित भारत
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत भाषण और ड्राइंग प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें विकसित भारत और पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों को बच्चों की रचनात्मकता के जरिए सामने लाया जाएगा। उत्कृष्ट रचनाओं की प्रदर्शनी लगाकर प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
नुक्कड़ नाटक से गांव-गांव पहुंचेगा योजनाओं का संदेश
‘सेवा स्मरण’ के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक गांवों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं, जनसेवा और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाई जाएगी। वहीं ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के जरिए माताओं और बच्चों को पोषण, मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
‘कहानी बदलाव की’ में दिखेगा विकास
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के जरिए योजनाओं से लोगों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को सामने लाया जाएगा। सड़क, आवास, पेयजल, संचार और डिजिटल सेवाओं से जुड़े ‘तब और अब’ के बदलावों की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।
‘सेवा सेतु शिविर’ में मौके पर मिलेगा लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इनमें पात्र हितग्राहियों को केवल योजनाओं की जानकारी देने के बजाय मौके पर ही लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड और अन्य पात्रता आधारित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विकसित भारत, जनसेवा और शासन की उपलब्धियों की थीम पर भव्य रंगोली एवं चित्रकारी कराई जाएगी। इन कार्यक्रमों का ड्रोन से एरियल कवरेज भी कराया जाएगा।
मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक महीने तक अभियान को निरंतर और प्रभावी तरीके से संचालित करने तथा हर गतिविधि में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




