राज्योत्सव में कृषि विभाग की प्रदर्शनी को द्वितीय स्थान, उप राष्ट्रपति ने किया पुरस्कार प्रदान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के तहत नवा रायपुर के अटल नगर स्थित पंडित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्यावसायिक परिसर में 1 से 5 नवंबर तक भव्य राज्योत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि और संवर्गीय विभागों ने 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक कृषि मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया।
सार्वजनिक दृष्टि से इस प्रदर्शनी को विशेष सराहना मिली। 05 दिवसीय राज्योत्सव में जुरी ने कृषि विभाग की प्रदर्शनी को द्वितीय स्थान से सम्मानित किया। समापन समारोह में उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विभाग की सचिव शहला निगार को पुरस्कार प्रदान किया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
प्रदर्शनी में कृषि विभाग ने प्राकृतिक खेती, किसान सम्मान निधि, ड्रोन आधारित उर्वरक छिड़काव, बीज वितरण और विपणन की आधुनिक व्यवस्थाओं, भूमि संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन जैसी पहलें जनता के समक्ष प्रस्तुत की।
इसके अलावा उद्यानिकी विभाग ने विविध फूल, सब्जी और फल की उन्नत किस्में प्रदर्शित की। पशुपालन विभाग ने उच्च नस्ल के पशु और दुग्ध उत्पादन के मॉडल प्रस्तुत किए। मछली पालन विभाग ने बायोफ्लॉक और केजकल्चर तकनीक से मछली पालन का प्रदर्शन किया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रात्यक्षिक कराया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने राज्य के अनुकूल उच्च उत्पादक फसलों और जैविक उत्पादों का प्रदर्शन किया।
इस पूरे आयोजन ने छत्तीसगढ़ में कृषि और विकास के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।




