मछभूंई में धान खरीदी की शुभ शुरुआत, किसानों में दिखा उत्साह और भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से पूरे प्रदेश में औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जिला महासमुंद के धान खरीदी केंद्र झालखमहरिया में आज खरीदी कार्य का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह दिन किसानों के लिए उत्सव जैसा है, क्योंकि राज्य की समृद्धि का आधार ही किसान हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम लला के लिए भोग में प्रयुक्त चावल भी छत्तीसगढ़ से भेजा गया था। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रिकॉर्ड धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को बोनस और सभी समितियों में एटीएम सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसी किसान को असुविधा न हो। अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि राज्य ने 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं और अब तकनीकी क्षमता तथा विकास कार्यों में तेजी आई है। वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी बनाना लक्ष्य है। उन्होंने किसानों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और बसना विधायक संपत अग्रवाल भी उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी में गांव के कृषक दुर्गेश साहू के 40 क्विंटल धान की तुलाई कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई, जिससे केंद्र में उत्साह और बढ़ा। किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी की गई हैं।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने बताया कि महासमुंद जिले में प्रदेश भर में सबसे अधिक धान खरीदी होती है। सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए सिकासेर और सिरपुर बैराज का काम पूरा हो चुका है, जिससे खरीफ क्षेत्र और बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार भी जिला नया रिकॉर्ड बनाएगा।
बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप लक्ष्य आधारित और सुचारु धान खरीदी की जा रही है। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन सजग है। उन्होंने अवैध धान खरीदी-बिक्री पर निगरानी रखने और इसे उत्सव की तरह मनाने की अपील की।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि जिले की 130 समितियों के 182 उपार्जन केंद्रों में खरीदी जारी है। आज 34 समितियों में 50 किसानों के टोकन जारी किए गए हैं। शाम 5 बजे तक टोकन जारी किए जा सकते हैं। जिले में 16 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं और अब तक 23 प्रकरण दर्ज कर 3000 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, संदीप दीवान, पीयूष साहू, प्रकाश शर्मा, राहुल चंद्राकर, पंकज चंद्राकर, संदीप घोष, सरपंच अनेश्वरी चंद्राकर, ग्रामीण अध्यक्ष श्याम साकरकर, अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




