कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दो नए सामुदायिक भवनों का लोकार्पण किया

कवर्धा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने देवांगन समाज और क्षत्रिय पवार समाज के नए सामुदायिक भवनों का विधिवत लोकार्पण किया। समाजजनों ने उपमुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने दोनों नवनिर्मित भवनों को जनता को समर्पित किया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने दोनों समाजों के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक एकता को मजबूत करने, सांस्कृतिक परंपराओं को सुरक्षित रखने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार समाजों के सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न समाजों और वर्गों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर, कपूरचंद ठाकरे, नरेन्द्र देवांगन, शंभू देवांगन, लोकनाथ देवांगन, योगेश ठाकरे सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



