Raipur to host 'Awas Mela 2025'; complete house information and booking facility on a single platform

रायपुर में लगेगा ‘आवास मेला 2025’, एक ही मंच पर घरों की पूरी जानकारी और बुकिंग की सुविधा

रायपुर। प्रदेश के लोगों को सभी आवासीय योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राज्य स्तरीय ‘आवास मेला 2025’ का आयोजन 23 से 25 नवंबर तक रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में किया जा रहा है। मेले के लोगो का अनावरण मंडल मुख्यालय में अध्यक्ष अनुराग सिंह देव द्वारा किया गया।

इस मौके पर हाउसिंग बोर्ड के आयुक्त अवनीश शरण सहित अधिकारी-कर्मचारी प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

लोगो लॉन्च के बाद अध्यक्ष सिंह देव ने बताया कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकता है। ‘आवास मेला 2025’ इसी दिशा में उठाया गया सशक्त कदम है, जहां सभी योजनाएँ और संपत्तियाँ जनता के लिए एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में लगभग 2000 करोड़ रुपये की नई परियोजनाएँ शुरू की जा रही हैं, जिससे हाउसिंग बोर्ड योजनाएँ और प्रभावशाली ढंग से लागू हो पा रही हैं।

मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए कई सुविधाएँ रखी गई हैं। आवंटी पोर्टल का शुभारंभ भी इसी दौरान होगा। हितग्राही केवल 1 प्रतिशत राशि जमा कर भवन बुक करा सकेंगे। रायपुर, नवा रायपुर और आसपास की परियोजनाओं के साइट विज़िट की व्यवस्था रहेगी। घर खरीदने वालों को विभिन्न बैंकों की लोन सुविधा भी मिलेगी। निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी के लिए कई स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें भारतीय मानक ब्यूरो का स्टॉल विशेष आकर्षण रहेगा। पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों के लिए विशेष उपहार भी घोषित हैं।

गृह निर्माण मंडल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में ‘आवास मेला 2025’ में शामिल होकर अपने सपनों का घर पाने का अवसर लें।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply