गौ विज्ञान परीक्षा और शाक वाटिका को लेकर पेंड्रा में हुई अहम कार्यशाला, 19 जनवरी की परीक्षा पर बनी रणनीति

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति, रायपुर के तत्वावधान में प्रदेश में 19 जनवरी 2025 को होने वाली गौ विज्ञान परीक्षा और शाक वाटिका निर्माण को लेकर कार्यशाला सह समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा में संपन्न हुई, जिसमें गौ विज्ञान परीक्षा प्रभारी शिक्षकों के साथ परीक्षा की तैयारियों और भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी गौ विज्ञान परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों, विद्यार्थियों के पंजीयन और संभावित सहभागिता की संख्यात्मक जानकारी जुटाई गई। साथ ही हर घर और हर विद्यालय में शाक वाटिका निर्माण को बढ़ावा देने की योजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
गौरतलब है कि गौ सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा गौ माता के संरक्षण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में कराई जा रही है। इसका मकसद बच्चों में गाय के प्रति संवेदनशीलता, संरक्षण और संवर्धन की भावना को मजबूत करना है, जिससे गौ संरक्षण को नई दिशा मिल सके।
विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जिले से लगभग 4000 विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यशाला के दौरान परीक्षा की तैयारी, शाक वाटिका निर्माण की रूपरेखा और गाय धर्म व विज्ञान से संबंधित जानकारी पर चर्चा की गई। इस अवसर पर ‘गाय धर्म और विज्ञान’ विषयक गौ ग्रंथ पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के जीपीएम जिला अध्यक्ष राम जी श्रीवास, जिला आयुक्त स्काउट एवं गाइड नीरज जैन, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, गौ विज्ञान परीक्षा जिला संयोजक प्रमोद शर्मा, जिला संयोजक संजय राजपूत, गौरेला विकासखंड नोडल अधिकारी भीष्म त्रिपाठी, पेंड्रा विकासखंड नोडल अधिकारी जगदीश राठौर सहित जिले के सभी विद्यालयों के गौ विज्ञान परीक्षा प्रभारी शिक्षक मौजूद रहे।




