छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

पशु कल्याण की दिशा में बड़ा कदम, विधायक मद से मिला आधुनिक पशु रेस्क्यू वाहन

रायपुर। पशु संरक्षण और मानवीय संवेदनशीलता को मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एक अहम पहल की है। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अत्याधुनिक पशु रेस्क्यू वाहन का लोकार्पण किया। करीब 13 लाख 60 हजार रुपये की लागत से तैयार यह वाहन विधायक मद से उपलब्ध कराया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से वाहन की तकनीकी खूबियों, उपयोगिता और संचालन व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। मौके पर ही वाहन का परीक्षण कर घायल पशुओं को सुरक्षित ढंग से लाने-ले जाने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया।

अधिकारियों के अनुसार, इस रेस्क्यू वाहन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं या अन्य कारणों से घायल पशुओं को तुरंत घटनास्थल से पशु चिकित्सालय पहुंचाया जा सकेगा। इलाज के बाद पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशाला या पशु शेल्टर तक ले जाने की सुविधा भी वाहन में उपलब्ध है। इससे असहाय और घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा और उनके जीवन की रक्षा संभव होगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गौ संरक्षण और पशु कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। पशु रेस्क्यू वाहन जैसी सुविधाएं न केवल पशुओं के लिए जीवनरक्षक साबित होंगी, बल्कि पशुपालकों और आम नागरिकों के लिए भी बेहद उपयोगी रहेंगी। उन्होंने अधिकारियों को वाहन के नियमित और प्रभावी उपयोग के साथ-साथ उचित रख-रखाव और सतत निगरानी के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू, पूर्व विधायक योगेश्वर राज सिंह, अशोक साहू, जिला पंचायत सभापति बीरेन्द्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, विजयलक्ष्मी तिवारी, सतविंदर पाहुजा सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और पंचमुखी बूढ़ा महादेव सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button