छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण में छत्तीसगढ़ ने रचा नया अध्याय: लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि बीते दो वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जरिए समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में ठोस और सकारात्मक बदलाव किए हैं। इन पहलों का मकसद महिलाओं और बच्चों को सम्मान, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।

मंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 69 लाख से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ पहुंचाया गया है। अब तक 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है, जिससे वे पारिवारिक और आर्थिक फैसलों में पहले से कहीं अधिक सशक्त भूमिका निभा रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के तहत 4.81 लाख महिलाओं को 237 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई, जिसके चलते छत्तीसगढ़ ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि नवंबर 2023 की तुलना में नवंबर 2025 तक स्टंटिंग, वेस्टिंग और अंडरवेट बच्चों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में 19 लाख से अधिक हितग्राहियों को पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें महिला स्व सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के क्षेत्र में उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि सभी जिलों में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से हजारों महिलाओं और बच्चों को त्वरित सहायता मिली है। दत्तक ग्रहण, फॉस्टर केयर और न्यायिक मामलों के निराकरण में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन, नई नियुक्तियों, डिजिटल उपस्थिति प्रणाली और ई-भर्ती पोर्टल जैसी पहलों से विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हजारों बेटियों के विवाह गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए हैं।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभाग की योजनाएं छत्तीसगढ़ को एक सुरक्षित, सशक्त और समावेशी राज्य बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button