ब्रेल और ऑडियो बुक्स के जरिए दिव्यांग महिलाओं की सफलता की गूंज, लोकभवन में हुआ विमोचन

रायपुर। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ की वीर एवं दिव्यांग महिलाओं की प्रेरक सफलता कथाओं पर आधारित दो ब्रेल पुस्तकों और तीन हजार से अधिक कंटेंट से तैयार ऑडियो बुक्स का विमोचन किया। इस अवसर पर ऑडियो बुक्स के निर्माण में योगदान देने वाले राज्य के विभिन्न जिलों के शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रमेन डेका ने कहा कि इन पुस्तकों का ब्रेल संस्करण तैयार करना एक सराहनीय पहल है। समाज में अनेक ऐसी गुमनाम प्रतिभाएं हैं, जिन्होंने अनुकरणीय कार्य किए हैं, उन्हें पहचान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और देश के विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल ने दिव्यांगजनों के लिए सार्वजनिक स्थलों और अस्पतालों में रैम्प व अन्य सुविधाओं के विकास पर जोर देते हुए कहा कि समावेशी समाज का निर्माण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ऑडियो बुक्स के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के बाहर के दिव्यांगजन भी लाभान्वित हो सकेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित के. शारदा, प्रीति शांडिल्य सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।



