साहू समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की विकास कार्यों की घोषणा

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवचयनित पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान समाज के विद्यार्थियों के हित में छात्रावास भवन के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया। साथ ही सामाजिक भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा भी की गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज द्वारा शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में उठाया गया यह कदम भविष्य की पीढ़ी के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में बालोद जिला साहू समाज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।
अपने संबोधन में अरुण साव ने कहा कि आज का दिन केवल शपथ लेने का नहीं, बल्कि संकल्प लेने का भी है। शिक्षा, कृषि, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में बालोद जिले की पहचान पहले से मजबूत रही है, जिसे और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी अब नए पदाधिकारियों के कंधों पर है।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों—गरीब, मजदूर, रिक्शा चालक और ऑटो चालक—के लिए समाज के द्वार सदैव खुले रखने पर जोर दिया। सामाजिक पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे हर सदस्य के सुख-दुख में सहभागी बनें, ताकि समाज के साथ जुड़ाव और विश्वास मजबूत हो।
कार्यक्रम में साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और रमशीला साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और नवनिर्वाचित जिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




