वाराणसी जा रहे श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार, एक महिला की मौत, कई ICU में भर्ती

रायपुर। अंबिकापुर–वाराणसी मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की आस्था की यात्रा को मातम में बदल दिया। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
यह हादसा सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत गंगापुर गांव के पास हुआ। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र से ग्रामीण श्रद्धालु बस के माध्यम से वाराणसी गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह करीब 2.30 बजे बस जैसे ही गंगापुर के समीप पहुंची, पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। अधिकांश श्रद्धालु गहरी नींद में थे और अचानक झटके के साथ बस रुकते ही कई यात्री सीटों और फर्श पर जा गिरे। हादसे में 5 महिलाओं सहित कुल 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।
सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लटोरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 15 यात्रियों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान लैलूंगा निवासी कोईतमा बाई (50) की मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रमेश (50) और पुष्पा (40) की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुष्पा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रमेश सिंह के सिर में चोट के कारण कान से खून बह रहा है।
बुधवार सुबह अन्य घायलों को भी अंबिकापुर लाया गया। अस्पताल के ICU में सुरेश (40), धौजा (50), संतरा देवी (66), बरत राम (60), कांता राठिया (55), सुमित्रा (55), सुकांति पैंकरा (65), बंशी राम (55), अनुसुइया शर्मा (50), पवन (13) और आनंद कुमार (40) का इलाज जारी है। सामान्य घायलों का इलाज अलग-अलग वार्डों में किया जा रहा है।
घायलों ने बताया कि हादसे के समय लगभग सभी श्रद्धालु सो रहे थे और बस के पेड़ से टकराते ही अचानक सब कुछ बदल गया।




