खेल समाचार | क्रिकेट, फुटबॉल, ओलंपिक | Fourth Eye News।Sports

हरारे में सेमीफाइनल का महासंग्राम, अजेय भारत से टकराएगा जुझारू अफगानिस्तान

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच एक बार फिर बड़े मुकाबले की गवाह बनने जा रही है। अंडर-19 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में 4 फरवरी, बुधवार को भारत और अफगानिस्तान की युवा टीमें आमने-सामने होंगी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार निरंतरता दिखाई है और अब तक कोई भी मुकाबला नहीं हारी है।

भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ छह विकेट की आसान जीत से की। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ दबाव भरे मुकाबले में 18 रनों से जीत दर्ज की। ग्रुप चरण के अंतिम मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर भारत ने ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। सुपर सिक्स राउंड में भी भारत का दबदबा कायम रहा, जहां मेजबान जिम्बाब्वे और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

दूसरी ओर अफगानिस्तान ने भी अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 28 रनों से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज़ किया। वेस्टइंडीज और तंजानिया पर जीत के साथ अफगानिस्तान ग्रुप-डी में शीर्ष पर रहा। सुपर सिक्स में श्रीलंका से हार के बाद टीम ने आयरलैंड के खिलाफ 191 रनों की बड़ी जीत दर्ज कर मजबूत वापसी की।

भले ही भारत कागजों पर मजबूत नजर आ रहा हो, लेकिन अफगानिस्तान को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। यह टीम बड़े मुकाबलों में चौंकाने वाले प्रदर्शन के लिए जानी जाती है, ऐसे में सेमीफाइनल के रोमांचक होने की पूरी संभावना है।

भारतीय खेमे में 17 वर्षीय अभिज्ञान कुंडू पर सबकी नजरें रहेंगी, जिन्होंने चार पारियों में 199 रन बनाकर टीम को मजबूती दी है। गेंदबाजी में हेनिल पटेल ने अपनी धारदार गेंदों से पांच मैचों में 11 विकेट झटके हैं। अफगानिस्तान की ओर से फैसल शिनोवजादा शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 325 रन बना चुके हैं, जबकि तेज गेंदबाज नूरिस्तानी उमरजई ने पांच मुकाबलों में 12 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया है।

पिच की बात करें तो हरारे स्पोर्ट्स क्लब में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को अब तक थोड़ा फायदा मिला है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 233 रन रहा है, ऐसे में टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकता है।

इस हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button