खेल समाचार | क्रिकेट, फुटबॉल, ओलंपिक | Fourth Eye News।Sports

भारत-पाक मुकाबले पर खत्म हुआ सस्पेंस, टीम इंडिया बोली– ‘हमें पहले से था भरोसा’

टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर छाया संशय अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान की ओर से मैच बहिष्कार के संकेत मिलने के बाद क्रिकेट जगत में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि अब पाकिस्तान ने अपना फैसला बदलते हुए मुकाबला खेलने की पुष्टि कर दी है।

पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारतीय टीम की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट ने साफ शब्दों में कहा कि खिलाड़ियों को शुरुआत से ही विश्वास था कि मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि टीम ने अपनी तैयारियों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया।

डोएशेट ने कहा, “हमें कभी नहीं लगा कि मैच रद्द होगा। हमारी तैयारी सामान्य रही और अब आधिकारिक पुष्टि के बाद हम पूरी तरह मुकाबले पर फोकस कर रहे हैं।” उन्होंने इसे एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खुद को परखने का बेहतरीन अवसर बताया।

राजनीति अलग, मैदान पर सिर्फ खेल

सहायक कोच ने स्पष्ट किया कि भारतीय टीम का ध्यान केवल क्रिकेट पर है। भारत-पाक के ऐतिहासिक और भावनात्मक पहलुओं को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि मैदान पर प्रदर्शन ही खिलाड़ियों की प्राथमिकता है। कोलंबो की परिस्थितियों को चुनौतीपूर्ण बताते हुए उन्होंने माना कि पाकिस्तान वहां पहले से अभ्यास कर रहा है, लेकिन भारतीय टीम अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार है।

कैसे सुलझा मामला?

रविवार को लाहौर में आईसीसी प्रतिनिधियों और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच अहम बैठक हुई थी। इसके बाद पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा की। सोमवार देर रात पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक घोषणा करते हुए भारत के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी दे दी।
बताया गया कि श्रीलंका, बांग्लादेश और यूएई समेत कई आईसीसी सदस्य बोर्डों ने पाकिस्तान से बहिष्कार का निर्णय वापस लेने का अनुरोध किया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button