नवा रायपुर में आबकारी विभाग की बड़ी बैठक, राजस्व लक्ष्य और अवैध शराब पर सख्ती के निर्देश

रायपुर। नवा रायपुर स्थित आबकारी विभाग के कार्यालय में आज विभागीय कामकाज की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता आबकारी विभाग की सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. शंगीता ने की। इस दौरान आगामी महीनों के लिए जिलेवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी जिलों के अधिकारी, उड़नदस्ता टीम, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड और विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के राजस्व लक्ष्य को हासिल करने के लिए ठोस रणनीति अपनाने, दुकानवार समीक्षा करने और कार्य में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री न हो। दुकानों में उपलब्ध मदिरा को तय दरों के साथ रैक में प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जिन जिलों ने जनवरी तक लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, उन्हें निरंतरता बनाए रखने को कहा गया, जबकि पीछे चल रहे जिलों को कारणों की समीक्षा कर सुधारात्मक योजना लागू करने के निर्देश मिले। मिलावट रोकने के लिए सख्ती बरतते हुए जिला अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन आकस्मिक निरीक्षण करने और गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। दोषी कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई।
साथ ही, बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच, अवैध शराब के निर्माण व तस्करी पर रोक, अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष अभियान और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए गए। विभागीय शिकायतों के त्वरित निपटारे और कर्मचारियों से जुड़े मामलों के संवेदनशील समाधान पर भी जोर दिया गया।




