छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सूरजपुर में श्रमिक जनसंवाद, 2,539 हितग्राहियों को मिली करीब 1 करोड़ की सहायता राशि

रायपुर। सूरजपुर जिले के तिलसिंवा ऑडिटोरियम में श्रमिक जन संवाद एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया, जहां असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और दिहाड़ी मजदूरों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का मकसद श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहयोग की योजनाओं की सीधी जानकारी पहुंचाना था, ताकि हर पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सके।

सम्मेलन के दौरान श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिले के 2,539 हितग्राहियों को कुल 99 लाख 66 हजार 627 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। इसके अलावा महतारी जतन योजना, सियान योजना और नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतीकात्मक डेमो चेक भी सौंपे गए।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और श्रमिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने श्रमिकों को विकास की धुरी बताते हुए उनका सम्मान भी किया।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, प्रतापपुर विधायक शकुन्तला पोर्ते, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, कलेक्टर एस. जयवर्धन, श्रम अधिकारी एलेन मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button