A massive fire broke out at a chemical-paint factory in the Tifra Industrial Area of ​​Bilaspur, and it was brought under control after a three-hour battle.

बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल-पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक केमिकल-पेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। यह घटना तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अनव इंडस्ट्रीज में हुई, जहां पेंट, टाइल्स और पुट्टी का निर्माण किया जाता है।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के गोदाम के पास करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। चूंकि यहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल रखा हुआ था, इसलिए आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में पूरा इलाका धुएं से भर गया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए चार फायर ब्रिगेड गाड़ियों को लगाया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि फैक्ट्री के सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।

गौरतलब है कि सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पिछले दो महीनों में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले एक फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग में दो लोगों की जान चली गई थी। ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement Carousel
4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18526

Leave a Reply