सूरजपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लटोरी को बड़ी सौगात मिली है। भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प अभियान के तहत हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया।
इस सुविधा की सबसे खास बात यह रही कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर अत्याधुनिक एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई। इससे क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर बेहतर उपचार मिल सके। ALS एंबुलेंस की उपलब्धता से गंभीर रूप से बीमार मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
उन्होंने इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ लटोरी के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी मिलेगा। जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बड़े स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकेगा।
12 घंटे में पूरा हुआ एंबुलेंस उपलब्ध कराने का वादा
दरअसल, 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सामने रखी थी। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस देने की घोषणा की और महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, नूतन विश्वास, महेश्वर पैकरा, बीना गुप्ता, ठाकुर सिंह पैकरा, सुमित्रा राजवाड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।
ये खबर भी पढ़ें —:






