गरियाबंद। देवभोग क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है। अब लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुविभागीय कार्यालय का संचालन गरियाबंद के बजाय देवभोग से होगा। देवभोग में नवनिर्मित कार्यालय भवन का निर्माण पूरा होने के बाद यहां से विभागीय कामकाज शुरू कर दिया गया है।
दरअसल, देवभोग में कार्यालय भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण अब तक लोक निर्माण विभाग का अनुविभागीय कार्यालय गरियाबंद से संचालित किया जा रहा था। इससे क्षेत्र से जुड़े विभागीय कार्यों के लिए लोगों को गरियाबंद पर निर्भर रहना पड़ता था। अब नए भवन के तैयार होने से कार्यालय को देवभोग में स्थानांतरित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 10 अक्टूबर को गरियाबंद दौरे के दौरान निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने देवभोग में नवनिर्मित एसडीओ कार्यालय का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।
सचिव के निर्देश पर विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज पांच दिनों के भीतर नए भवन से कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया। इससे देवभोग और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विभागीय कार्यों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।






