New identity to Jhumka tourist spot: Inauguration of 27 lakh open theatre, boating and water sports will increase possibilities

झुमका पर्यटन स्थल को नई पहचान: 27 लाख के ओपन थिएटर का लोकार्पण, बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स से बढ़ेंगी संभावनाएं

रायपुर। विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका पर्यटन स्थल में विकसित ओपन थिएटर का लोकार्पण कर क्षेत्र को नई सौगात दी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की पहल से निर्मित यह ओपन थिएटर पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में शिकारा से नौका विहार कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। हरियाली, शांत जल और कमल के फूलों से सजा यह स्थल अब एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में उभर रहा है। यहां विकसित बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना की।

करीब 27 लाख रुपए की लागत से बने इस ओपन थिएटर में 500 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। यह मंच भविष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला प्रस्तुतियों और सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झुमका जलाशय न केवल कोरिया जिले की पहचान है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया।

इस मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े समेत प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18504

Leave a Reply