30 new mining inspectors in Chhattisgarh have been given appointment letters and are responsible for increasing mineral revenue.

छत्तीसगढ़ में 30 नए खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र, खनिज राजस्व बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि खनिज संपदा के मामले में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और खनिज प्रशासन को मजबूत बनाने में मैदानी अमले की भूमिका बेहद अहम होती है।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित खनि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं के कंधों पर ही प्रदेश का भविष्य टिका है। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग में नई नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और खनिज अन्वेषण तथा खनन कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम जैसी बहुमूल्य खनिज संपदाओं से समृद्ध है। खनिज राज्य की आय का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नवनियुक्त निरीक्षकों से खनिज राजस्व बढ़ाने और संसाधनों के सुव्यवस्थित उपयोग में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 निरीक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 को आज नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement Carousel
4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18526

Leave a Reply