17 Kabir huts in Kawardha received financial assistance, with Rs 4.25 lakh distributed for religious activities.

कवर्धा में 17 कबीर कुटियों को मिली आर्थिक सौगात, धार्मिक गतिविधियों के लिए 4.25 लाख की सहायता राशि वितरित

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कवर्धा स्थित विधायक कार्यालय में 17 कबीर कुटियों को भजन, सत्संग, कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। प्रत्येक कबीर कुटी को 25-25 हजार रुपए के मान से कुल 4 लाख 25 हजार रुपए की राशि के चेक वितरित किए गए।

यह राशि जनसंपर्क मद से वाद्ययंत्रों की खरीदी के लिए स्वीकृत की गई है, ताकि कबीरपंथ से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को और मजबूती मिल सके। इस सहायता से कुटियों में नियमित रूप से आयोजित होने वाले आध्यात्मिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक वाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।

बताया गया कि क्षेत्र की कबीर कुटियों द्वारा वाद्ययंत्रों की आवश्यकता को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया था। समाज की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए विजय शर्मा ने 17 कुटियों के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की और आज विधिवत चेक वितरण कर यह सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगतराम पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, नरेन्द्र मानिकपुरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनहरण कौशिक, भुखन साहू, रामबिलास चंद्रवंशी, विजय पाटिल, रवि राजपुत, सतविंदर पाहुजा, विजय लक्ष्मी तिवारी, लाला राम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18504

Leave a Reply