धान से तौलकर हुआ सम्मान, होली से पहले किसानों के खातों में जाएंगे 10 हजार करोड़ रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और किसानों की खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रदेशभर से आए किसानों ने उनसे सौजन्य मुलाकात की और कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पहले खातों में अंतरित करने की घोषणा पर आभार जताया। इस दौरान किसानों ने धान से तौलकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने याद दिलाया कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था शुरू हुई, जिससे किसानों को कम ब्याज पर ऋण मिलने लगा और वे महाजनों के शोषण से मुक्त हुए। अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा भी मिल रही है।
प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के जरिए खेतों तक पानी पहुंच रहा है और प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ा है। राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सर्वाधिक बताई जा रही है।
28 फरवरी को बिलासपुर जिले से राशि अंतरण की शुरुआत होगी और इसे विकासखंड स्तर पर उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सरकार ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हित में आगे भी इसी तरह निर्णय लिए जाते रहेंगे।




