‘काला हिरण’ विवाद में फिर फंसे सलमान खान! दिल्ली हाईकोर्ट ने मेकर्स को भेजा नोटिस

फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ को लेकर बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान और फिल्म निर्माताओं के बीच कानूनी जंग तेज हो गई है। सलमान खान द्वारा फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रोड्यूसर से 2 हफ्ते के भीतर जवाब मांगा है।
1998 के चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही इस फिल्म पर सलमान खान ने अपने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ के हनन का आरोप लगाया है। सलमान खान के वकीलों का कहना है कि फिल्म में दिखाए गए किरदार की शक्ल-सूरत और संदर्भ उनसे मिलते-जुलते हैं, जो उनकी साख को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। जस्टिस ज्योति सिंह की पीठ ने सुनवाई के दौरान मेकर्स के वकील से रिलीज डेट पर स्पष्टीकरण मांगा और दो हफ्ते के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। सलमान पक्ष का यह भी आरोप है कि बिना सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेट के इसे सीधा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की साजिश रची जा रही है। वहीं दूसरी ओर फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने दिल्ली हाईकोर्ट के टीजर हटाने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करते हुए इसे अभिव्यक्ति की आजादी का हनन बताया है।
पर्सनैलिटी राइट्स और सिनेमा की आजादी के बीच यह कानूनी लड़ाई अब किस करवट बैठती है, यह 30 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में साफ होगा।


