फूड प्रोसेसिंग यूनिट खोलने का मौका! 35% तक अनुदान दे रही केंद्र सरकार, ऐसे करें आवेदन

रायपुर। जिले में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग शुरू करने या पहले से संचालित इकाई का विस्तार करने के इच्छुक उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक दिनबंधु ध्रुव ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, मशीनरी का कोटेशन और प्रोजेक्ट रिपोर्ट होना अनिवार्य है।
योजना के तहत कुल परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। प्रति उद्यमी अधिकतम 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी निर्धारित है। लाभार्थी को 10 प्रतिशत राशि स्वयं निवेश करनी होगी, जबकि शेष राशि बैंक ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना में पोहा उद्योग, आचार-मसाला निर्माण, बेकरी उत्पाद, सेवईयां, नमकीन, पशु आहार, टमाटर सॉस, मक्का प्रोसेसिंग, बाजरा, कोदो, कुटकी, रागी आधारित उत्पाद, फल-फूल-सब्जी प्रसंस्करण, हर्बल उत्पाद और लघु वनोपज आधारित इकाइयों को शामिल किया गया है।
इच्छुक आवेदक योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmfme.mofpi.gov.in
पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, गरियाबंद, संयुक्त जिला कार्यालय कक्ष क्रमांक 92 में कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है। दूरभाष क्रमांक 07706-241268 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।




