छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बिलासपुर में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा, पिकअप वाहन जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन अपराधों पर लगाम कसने के लिए वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक के निर्देश पर प्रदेश के सभी परियोजना मंडलों में वनों की अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन को रोकने के लिए नियमित गश्त की जा रही है।

इसी अभियान के तहत कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर की टीम ने गश्त के दौरान अवैध लकड़ी परिवहन के मामले का खुलासा किया। भैंसाझार परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक पी-1604 में पलाश प्रजाति की दो नग जलाऊ चट्टा लकड़ी को महिंद्रा पिकअप वाहन के जरिए अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पकड़ लिया और पिकअप क्रमांक CG-05 AB-8843 को जब्त कर लिया।

मामले में गिरजाबंध, नवागांव (तहसील रतनपुर, जिला बिलासपुर) निवासी अमृत लाल धीवर के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41(2)(ख) और 52 के तहत प्रकरण क्रमांक 80/3991, दिनांक 10 मार्च 2026 को दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल अश्वनी मेहरा, अरुण कुमार सिंह, तोषपाल साहू, गोविंदा वर्मा तथा क्षेत्ररक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, कृपानंद जॉगड़े और कार्तिकराम धुर्वे सहित अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।

वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए टीम की सराहना करते हुए कहा कि वन अपराधों के खिलाफ इसी तरह सतर्कता और सख्ती जारी रखी जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वन क्षेत्रों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए निरंतर गश्त और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा कि वन सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के योगदान का उल्लेख आगामी गोपनीय प्रतिवेदन में किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button