पश्चिम एशिया संकट के बीच राज्य अलर्ट: पेट्रोल, गैस और खाद की सप्लाई पर सख्त निगरानी, अफवाहों से बचने की अपील

रायपुर। पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए राजधानी रायपुर में राज्य स्तर पर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और एसपी शामिल हुए। बैठक का मुख्य फोकस पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरकों और अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था को लेकर रहा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रदेश में फिलहाल किसी भी जरूरी वस्तु की कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में खरीदारी से बचें।
केंद्र सरकार स्तर पर भी इस मुद्दे पर राज्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा गया है और यह भरोसा दिलाया गया है कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित नहीं होगी। राज्य में एक कंट्रोल रूम स्थापित कर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है, वहीं हर जिले में भी कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।
तेल कंपनियों के अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली भी बिना किसी बाधा के चल रही है।
उर्वरकों को लेकर भी स्थिति संतोषजनक बताई गई है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए स्टॉक की रोजाना समीक्षा और पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल, छात्रावास, रेलवे, सुरक्षा बलों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्यभर में कार्रवाई करते हुए 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में सख्त निगरानी रखने और ईंधन की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।



