छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

नवा रायपुर में बीज उत्पादक किसानों को बड़ी सौगात, 8 करोड़ से ज्यादा प्रोत्साहन राशि सीधे खातों में ट्रांसफर

रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित एक अहम कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम ने प्रदेश के 3556 बीज उत्पादक किसानों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 8 करोड़ 01 लाख 97 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की। यह राशि मंडी निधि के अंतर्गत दी गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर के सैकड़ों किसान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री राम विचार नेताम ने किसानों से संवाद करते हुए गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का सही मूल्य दिलाने के लिए यह पहल की गई है। साथ ही उन्होंने धान के बजाय दलहन, तिलहन, मिलेट्स और अन्य आयवर्धक फसलों की ओर रुख करने की अपील की। गर्मी के मौसम में धान की खेती से बचने और पानी संरक्षण पर ध्यान देने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान निगम की एक साल की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार विशेष रूप से मौजूद रहीं। बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने समय पर प्रोत्साहन राशि देने को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया और किसानों के हित में आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखने की बात कही।

इस मौके पर किसानों ने सरकार के प्रति आभार जताते हुए अपनी कुछ मांगें भी रखीं, जिन पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में कवर्धा, अंबिकापुर और रायपुर के किसानों से सीधा संवाद कर उनकी स्थिति और जरूरतों की जानकारी भी ली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button