बलरामपुर में अवैध रेत कारोबार पर बड़ा एक्शन, धंधापुर से 4 टीपर वाहन जब्त

रायपुर। प्रदेश में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर खनिज विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई कर रही हैं।
इसी क्रम में बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड के ग्राम धंधापुर में संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे 4 टीपर वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और खनिज विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से की।
खनिज अधिकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बिना वैध अनुमति के रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। अनियमितता सामने आने पर चारों वाहनों को जब्त कर बरियों चौकी के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




