सुशासन तिहार में गैना शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का केंद्र, 215 आवेदनों का मौके पर निपटारा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेशभर में चल रहे सुशासन तिहार के तहत बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत गैना में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। हाई स्कूल मैदान में लगे इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदन सौंपे।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और सुपोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
विशेष अभियान के तहत अब तक 3102 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 823 का निराकरण किया जा चुका है। गैना शिविर में करीब 375 आवेदन मिले, जिनमें से 215 का मौके पर ही समाधान कर हितग्राहियों को राहत दी गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, जनपद सदस्य, अनुविभागीय अधिकारी नीरनिधि नन्देहा, जनपद पंचायत सीईओ निजाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



